साहिबगंज की ज्वलंत समस्याओं पर चैम्बर सख्त, नगर परिषद अध्यक्ष को सौंपा 16 सूत्री मांग-पत्र।
व्यापारियों व आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग, नगर विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन।

साहिबगंज नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर ईस्टर्न झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व में नगर के समग्र विकास पर विश्वास जताया।
इस दौरान चैम्बर की ओर से शहर की 16 ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक विस्तृत मांग-पत्र सौंपा गया तथा शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

1. बंद सार्वजनिक शौचालयों का संचालन नगर परिषद कार्यालय परिसर, गंगा घाट एवं अन्य स्थानों पर बने शौचालय लंबे समय से बंद हैं। इन्हें साफ-सफाई कराकर तत्काल चालू किया जाए।
2. नए शौचालयों का निर्माण चौक बाजार क्षेत्र में महिला एवं पुरुषों के लिए नए सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएं और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
3. सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत शहर की अधिकांश सोलर लाइटें खराब या अल्प समय तक ही चालू रहती हैं। इन्हें शीघ्र दुरुस्त किया जाए।
4. हाट-बाजार एवं पार्किंग नीलामी में पारदर्शिता नीलामी से पहले न्यूनतम दर का निर्धारण चैम्बर व व्यापारियों से विचार-विमर्श के बाद किया जाए और सार्वजनिक सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाए।
5. कुओं का संरक्षण एवं पुनर्स्थापन शहर के ऐतिहासिक कुओं को बंद करने की प्रवृत्ति रोकी जाए, उनकी सफाई कर जल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
6. नालियों की सफाई एवं रोग नियंत्रण नालियों की नियमित सफाई, जल-जमाव वाले स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं मच्छर नियंत्रण के लिए फॉगिंग अभियान चलाया जाए।
7. जर्जर सड़कों की मरम्मत शहर की सड़कों की हालत खराब है। सभी मुख्य एवं संपर्क मार्गों की मरम्मत कराई जाए, विशेषकर वार्ड 7 एवं 8 (जे.एन. राय रोड, NH-80)।
8. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रतिदिन कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए, वर्तमान व्यवस्था में अनियमितता दूर की जाए।
9. कूड़ेदानों की पर्याप्त व्यवस्था नगर में पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाए जाएं और नियमित सफाई की व्यवस्था हो।
10. यातायात एवं अतिक्रमण नियंत्रण मुख्य बाजार क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर पैदल मार्ग सुनिश्चित किया जाए तथा पार्किंग एवं वेंडिंग जोन निर्धारित हों।
11. खुले मैनहोल की मरम्मत खुले मैनहोल एवं टूटे ढक्कनों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
12. सार्वजनिक पार्कों का विकास टॉकीज फील्ड (रेलवे क्षेत्र) का सौंदर्यीकरण कर बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाया जाए।
13. आवारा कुत्तों का नियंत्रण नसबंदी एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जाए।
14. आवारा पशुओं का प्रबंधन सांड एवं अन्य पशुओं के लिए गौशाला आश्रय स्थल की व्यवस्था की जाए।
15. सामान्य स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत सोलर लाइट के साथ-साथ अन्य खराब स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त किया जाए।
16. पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ीकरण गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति नियमित की जाए। घरों तक पहुंचने वाला पानी स्वच्छ हो और सभी क्षेत्रों में कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए।

चैम्बर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा, “साहिबगंज के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए चैम्बर हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। हमें उम्मीद है कि नगर परिषद अध्यक्ष इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।”
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संरक्षक मोहम्मद आफताब आलम उपाध्यक्ष मोहित बेगराजका, सचिव अंकित केजरीवाल, सहसचिव जाहिद खान,सदस्य अजय डोकानियां, शुभम पोद्दार, संजय भुवानिया, अंकित तमाखुवाला सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।



