राजमहल मॉडल कॉलेज में विश्व पृथ्वी दिवस पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।
हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम पर छात्रों ने पेंटिंग और रंगोली के माध्यम से दिया संदेश, वृक्षारोपण कर लिया धरती बचाने का संकल्प।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को राजमहल मॉडल कॉलेज में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य सह भू वैज्ञानिक डॉ. रणजीत कुमार सिंह के दिशा-निर्देश में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रमजान अली के प्रेरणादायक वक्तव्य से हुई। उन्होंने पृथ्वी दिवस के इतिहास और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि “यदि हमें अपने भविष्य को सुरक्षित रखना है, तो पृथ्वी का संरक्षण अनिवार्य है।

इस अवसर पर छात्रों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। छात्र कुतुब, फरहान और जीशान ने आकर्षक पेंटिंग बनाकर प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को दर्शाया। वहीं छात्राएँ सिफा, नासरीन और उनजेला ने रंगोली के माध्यम से इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में छात्रा नेहा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “पृथ्वी हमारा घर है और इसे सुरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” वहीं छात्र शीतांशु ने सभी से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

प्राचार्य का संदेश डॉ. अमित कुमार द्वारा पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने ऐसे आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह लोगों में कर्तव्यबोध जगाने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि “छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव का आधार बनते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पृथ्वी संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने वृक्षारोपण किया तथा पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। साथ ही सभी ने “धरती बचाओ” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मोहन सिंह, जयकर एवं प्रकाश महतो सहित कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से शामिल हुए।




