केलाबाड़ी में बंसी मेला का भव्य शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।
विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, पारंपरिक अनोखी परिक्रमा बनी आकर्षण का केंद्र।

उधवा साहिबगंज। उधवा प्रखंड अंतर्गत केलाबाड़ी के बनियाडीह में शुक्रवार को आयोजित पारंपरिक बंसी मेला का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
जानकारी के अनुसार, बनियाडीह में प्रतिवर्ष बंगला वैशाख माह के आगमन पर इस ऐतिहासिक बंसी मेला का आयोजन किया जाता है। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी अनोखी परंपराओं के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों में भी विशेष पहचान रखता है।

मेले का सबसे प्रमुख आकर्षण वह अद्भुत परंपरा है, जिसमें एक व्यक्ति अपने पीठ में बंसी (हुक) के सहारे झूलते हुए परिक्रमा करता है। इस अनोखे और रोमांचक दृश्य को देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज से भी हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि मो. मारूफ ने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।

इस मौके पर झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, काजू मल्लिक, एकलाकुर रहमान, किन्नु सोरेन सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




