विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित।
टीबी मरीजों को पोषण पैकेट वितरण, नवदंपत्तियों को परिवार कल्याण किट प्रदान—स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश।

पाकुड़। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रूपा वंदना, सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस. के. झा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, सिटी प्रबंधक मनीष मिश्रा, लोक स्वास्थ्य प्रबंधक मो. फहीम अख्तर सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी, शहरी एएनएम, सहिया एवं अन्य कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस प्रत्येक वर्ष 7 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के बिना जीवन का आनंद संभव नहीं है, इसलिए सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।
सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और असंतुलित खान-पान के कारण कई बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने लोगों से संतुलित आहार लेने, नियमित योग करने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रूपा वंदना ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही खुशहाल जीवन की आधारशिला है। यदि शरीर और मन स्वस्थ नहीं रहेगा, तो जीवन की वास्तविक खुशियों का अनुभव नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवार और समाज में स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण पैकेट वितरित किए गए तथा नवदंपत्तियों को परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत “नई पहल किट” प्रदान की गई।कार्यक्रम का समापन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के संकल्प के साथ किया गया।



