झारखंड

बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत जिले के विद्यालयों में चला जागरूकता अभियान।

हिंसा, दुर्व्यवहार एवं साइबर अपराध से बचाव के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, पेंटिंग, स्लोगन, भाषण एवं चित्रांकन प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया सुरक्षित बचपन का संदेश।

साहिबगंज। बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा उन्हें भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 19 से 25 नवंबर 2026 तक बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति, साहिबगंज एवं सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (C3) के तकनीकी सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के दौरान विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों द्वारा हिंसा एवं चोट से बचाव तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को मौखिक, शारीरिक, यौन एवं भावनात्मक हिंसा, साइबर बुलिंग, अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या शोषण की स्थिति में बिना डरे अपनी बात विश्वसनीय व्यक्ति तक पहुंचाने तथा उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

बाल सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में पेंटिंग, ड्राइंग, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बाल अधिकार, व्यक्तिगत सम्मान, सुरक्षित व्यवहार और साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, साहिबगंज ने कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा की भावना विकसित करना तथा हिंसा, शोषण और दुर्व्यवहार के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना आवश्यक है।

जिले के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालयों में आयोजित इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों तथा सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज C3 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बाल सुरक्षा सप्ताह के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित बचपन ही सशक्त एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव है। बाल सुरक्षा केवल एक सप्ताह तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का सामूहिक संकल्प है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!