झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 32 लाभुकों को मिला बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का स्वीकृति पत्र।
पाकुड़, हिरणपुर एवं लिट्टीपाड़ा के लाभुक हुए लाभान्वित, जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल।

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के अवसर पर जिले के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कुल 32 लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान प्रखंड पाकुड़ में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 14 लाभुकों को, प्रखंड हिरणपुर में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 8 लाभुकों को तथा प्रखंड लिट्टीपाड़ा में अनुमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ द्वारा 10 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

स्वीकृति पत्र मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने का अवसर मिलेगा। इससे उनके जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन की नई उम्मीद जगेगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा से लाभान्वित किया जा रहा है।



