झारखंड

छठ महापर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, फल दुकानों में सघन जांच अभियान।

विक्रेताओं को जारी किए गए लिखित दिशा-निर्देश, श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने पर जोर; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई।

पाकुड़। छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पाकुड़ जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन तथा अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न बाजारों में विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न बाजारों में फल दुकानों एवं ठेलों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान छठ पूजा में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना और अर्घ्य में उपयोग किए जाने वाले फलों की गुणवत्ता, ताजगी एवं स्वच्छता की जांच की गई। साथ ही दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सभी फल विक्रेताओं को लिखित दिशा-निर्देश जारी कर खाद्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई। दुकानदारों को वैध एफएसएसएआई FSSAI लाइसेंस अथवा पंजीकरण के साथ कारोबार करने, फलों को चमकदार दिखाने के लिए हानिकारक रासायनिक रंगों का प्रयोग नहीं करने तथा सड़े-गले एवं खराब फलों की बिक्री से बचने को कहा गया।

इसके अलावा फलों को पकाने के लिए प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित होने की जानकारी दी गई। फल एवं अन्य खाद्य सामग्री को स्वच्छ स्थान पर रखने तथा दुकानों और आसपास के परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने फल विक्रेताओं से अपील की है कि छठ महापर्व की पवित्रता और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केवल स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण फलों की ही बिक्री करें। वहीं, उपभोक्ताओं से भी फल एवं अन्य पूजन सामग्री खरीदते समय उनकी ताजगी, गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।

विभाग ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आमजनों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिले के विभिन्न बाजारों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!