झारखंड

झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की बैठक में जिला वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा।

23 दिसंबर को सकरीगली में आयोजित होगा जिला वार्षिक अधिवेशन, मजदूरों के हक एवं अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जाएगा जनजागरण अभियान।

बोरियो साहिबगंज। बोरियो प्रखंड परिसर स्थित चबूतरा में झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की महत्वपूर्ण बैठक जिला महामंत्री मो. इमाम विश्वास की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 23 दिसंबर 2026 को सकरी गली में प्रस्तावित जिला वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों, संगठन के विस्तार और मजदूरों के हक एवं अधिकारों की रक्षा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय सहायक मंत्री गणेश ठाकुर एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी उपस्थित रहे। इस दौरान अधिवेशन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा अधिक से अधिक मजदूरों और संगठन के सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि आपसी विचार-विमर्श के बाद 23 दिसंबर को सकरीगली में जिला वार्षिक अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आपसी समन्वय बनाकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने संगठन को गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया।

राजकुमार यादव ने कहा कि मजदूर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसके बावजूद आज भी कई मजदूर अपने हक और अधिकारों से वंचित हैं। झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक मजदूरों के साथ होने वाले शोषण के खिलाफ आवाज उठाएगा। साथ ही उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

केंद्रीय पदाधिकारियों ने भी संगठन की एकता, अनुशासन और सक्रियता को उसकी मजबूती का आधार बताते हुए सभी सदस्यों से अधिवेशन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। वहीं, बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला महामंत्री मो. इमाम विश्वास ने सभी केंद्रीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन के विस्तार और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में मो. सद्दाम अंसारी, पोलूस गुरुजी टुडू, राकेश महतो, रणधीर चौरसिया, मो. जावेद अख्तर, मो. जियाहुल हक, विजय यादव, बबलू रजक, बास्की यादव, भैया हसदा, अनीता देवी, शम्भु पंडित, नसीम अंसारी, अभिजीत रक्षित, पिनाकी सेन सहित पदाधिकारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने 23 दिसंबर को सकरी गली में आयोजित होने वाले जिला वार्षिक अधिवेशन को सफल बनाने तथा मजदूरों के हक एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!