Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पलटनगंज व बांसकोला आर एंड आर कॉलोनियों के विकास कार्यों की उपायुक्त ने की व्यापक समीक्षा, नवंबर तक ड्रेनेज निर्माण पूरा करने का निर्देश।

पेयजल, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, पशु चिकित्सालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश, अधिकारियों को एक सप्ताह में स्थलीय निरीक्षण कर कमियों की रिपोर्ट सौंपने का आदेश।

साहिबगंज। जिले के पलटनगंज एवं बांसकोला पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों कॉलोनियों में संचालित विकास कार्यों, जनोपयोगी सेवाओं तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी में जल निकासी (ड्रेनेज) निर्माण कार्य की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया जारी है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए तथा हर हाल में नवंबर 2026 तक इसे पूर्ण किया जाए।

उपायुक्त ने कॉलोनी की पेयजल व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए जलमीनार, बोरिंग, हैंडपंप तथा घर-घर नल कनेक्शन सहित पूर्ण एवं लंबित कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वासित परिवारों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही कॉलोनी परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य उपकेंद्र, पशु चिकित्सालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र जैसी आवश्यक सामाजिक एवं सार्वजनिक सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण एवं संचालन की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग को निकटवर्ती संस्थानों से आवश्यक सेवाओं को टैग कर कॉलोनीवासियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि पुनर्वासित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, आईडब्ल्यूएआई (IWAI) के परियोजना प्रभारी, ग्रामीण विकास विभाग के विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को संयुक्त रूप से पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों की पहचान कर आवश्यक प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में बांसकोला में निर्माणाधीन नवीन आर एंड आर कॉलोनी के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आवास निर्माण, बाउंड्री वॉल, जल निकासी व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास, बेहतर जीवन-स्तर तथा सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परियोजना का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर जॉन आइंद, कार्यपालक अभियंता (विशेष प्रमंडल, ग्रामीण विकास विभाग) रामाकांत, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल) शशि कुमार सिंह, आईडब्ल्यूएआई के परियोजना प्रभारी अनुपम सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!