ELC प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थी सम्मानित।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 30 विद्यार्थियों ने लिया था भाग।

पाकुड़। मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय, पाकुड़ में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के तहत आयोजित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उक्त प्रतियोगिता में जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से कुल 30 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों के निबंध एवं प्रतियोगिता से संबंधित परिणाम मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को भेजे जाएंगे।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में गायत्री कुमारी (रानी ज्योतिर्मयी बालिका उच्च विद्यालय, पाकुड़), आकृति सिंह एवं राधिका कुमारी (जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बालिका, पाकुड़), सुमी मंडल एवं अविनाश मुर्मू (उत्क्रमित +2 विद्यालय, हरिणडांगा), अदिति कुमारी शर्मा एवं सुमित कुमार तिवारी (जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़), कविता कुमारी (उत्क्रमित +2 विद्यालय, शहरग्राम), निशा कुमारी (आर.के. +2 विद्यालय, हिरणपुर) तथा धनंजय कुमार (साहा उच्च विद्यालय, डांगापाड़ा) शामिल हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित करने की अपील की। साथ ही कहा कि परिवार में जिन सदस्यों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




