साहिबगंज में ‘मीठी क्रांति’ को बढ़ावा, 24 पहाड़िया किसानों को मधुमक्खी पालन से जोड़ने की पहल।
पतना एवं राजमहल प्रखंड के चयनित किसानों के बीच मधुमक्खी पालन बक्से और मधु निकासी किट का वितरण, वैज्ञानिक प्रशिक्षण के जरिए आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भरता पर जोर।

साहिबगंज। जिले में ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और किसानों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से ‘मीठी क्रांति’ को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से पतना एवं राजमहल प्रखंड के 24 चयनित पहाड़िया किसानों के बीच मधुमक्खी पालन बक्से एवं मधु निकासी किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक, ग्राम प्रधान सूरज पहाड़िया एवं आमदंडा पहाड़ की वार्ड सदस्य गंगिया पहाड़ीन ने संयुक्त रूप से किसानों को मधुमक्खी पालन से संबंधित सामग्री प्रदान की। इस पहल के तहत प्रत्येक चयनित किसान को 20 मधुमक्खी पालन बक्से के साथ मधु निकासी के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराई गई है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य पहाड़िया किसानों को मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना, गुणवत्तापूर्ण मधु उत्पादन को बढ़ावा देना तथा बेहतर विपणन के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि करना है। इसके लिए किसानों को मधुमक्खी पालन, मधु संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण और जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे इसे स्थायी आजीविका के रूप में अपना सकें।

इस पहल से पहाड़िया समुदाय के किसानों को अतिरिक्त आय एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही साहिबगंज के स्थानीय मधु को नई पहचान दिलाने और उसे व्यावसायिक स्तर पर विकसित करने का भी लक्ष्य है। मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग का सहयोग भी लिया जाएगा, जिससे स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों और वन क्षेत्रों के अनुकूल इस गतिविधि का विस्तार किया जा सके।
कार्यक्रम में वन विभाग के प्रतिनिधि राजीव कुमार, उद्यान विभाग के सुमन कुमार सौरभ एवं प्रेम पासवान सहित संबंधित विभागों के कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



