Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया EVM वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण।

सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं अग्निशमन उपकरणों की जांच; निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर दिया जोर।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित EVM वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव तथा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की विस्तार से जांच की। उन्होंने कैमरों की कवरेज, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं की निगरानी व्यवस्था तथा रिकॉर्डिंग सिस्टम का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित कर्मियों से डिस्प्ले सिस्टम एवं सुरक्षा मॉनिटरिंग से जुड़ी जानकारी प्राप्त करते हुए निगरानी प्रणाली को लगातार सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने वेयरहाउस में डबल लॉक व्यवस्था, सीलबंद कक्षों, अभिलेख संधारण एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विशेष रूप से फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता एवं वैधता की भी जांच की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी उपकरणों का नियमित रखरखाव एवं समय पर नवीनीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

वेयरहाउस परिसर के रखरखाव कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के लिए EVM एवं VVPAT मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।

उन्होंने वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त कर्मियों को नियमित अंतराल पर प्रशिक्षण दिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता गौतम भगत, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू, संबंधित पुलिस पदाधिकारी, वेयरहाउस प्रभारी, तकनीकी कर्मी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!