राजमहल मॉडल कॉलेज में “ऑर्गेनिक फार्मिंग” परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न।
84 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था की हुई सराहना।

राजमहल साहिबगंज। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-27 की परीक्षा के अंतर्गत माइनर वोकेशनल विषय “ऑर्गेनिक फार्मिंग” की परीक्षा मंगलवार को राजमहल मॉडल कॉलेज में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया, जिससे परीक्षा की गरिमा, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पूरी तरह बनी रही।
महाविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा में कुल 86 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिनमें से 84 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर अनुशासन, सुरक्षा एवं शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी परीक्षा कक्षों में शांतिपूर्ण माहौल के बीच परीक्षार्थियों ने निर्धारित समयावधि में परीक्षा दी।
इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा केंद्र पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा सभी परीक्षार्थियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा सारिणी का भली-भांति अवलोकन करें तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही किसी भी प्रकार के अनुचित साधन, परीक्षा चूर्णी अथवा कदाचार से दूर रहते हुए अनुशासन एवं नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

परीक्षा के दौरान महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच उत्साह एवं गंभीरता दोनों देखने को मिली। परीक्षा संचालन को लेकर महाविद्यालय प्रशासन की सक्रियता, अनुशासित व्यवस्था एवं बेहतर प्रबंधन की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।



