झारखंड

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं बाल विवाह निषेध कानून की दी गई जानकारी।

साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में बाल संरक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुलिस लाइन, साहिबगंज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित बचपन अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा शोषण एवं हिंसा से मुक्त रहने का अधिकार है।

इस दौरान बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अनुचित तरीके से छूने, डराने या दबाव बनाने की कोशिश किए जाने पर उसका विरोध करें तथा बिना किसी भय के अपने अभिभावकों या शिक्षकों को इसकी जानकारी दें। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकार, बाल श्रम निषेध कानून एवं बाल विवाह निषेध अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।

साइबर अपराध से बचाव के लिए बच्चों को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सतर्कतापूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क करने से बचने तथा अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों को आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा निःशुल्क विधिक सहायता के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई। साथ ही कहा गया कि बाल उत्पीड़न या शोषण से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से कहा गया कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक कर ही सुरक्षित बचपन एवं सशक्त समाज की नींव रखी जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!