विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने किया विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण।
बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों के साथ आयोजित पांचवीं बैठक की गतिविधियों का लिया जायजा, निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता बरतने का दिया निर्देश।

बरहेट साहिबगंज विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO), बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों के साथ पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बरहेट-सह-अपर समाहर्ता विजय कुमार ने बरहेट प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बैठक की गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 106, 127, 128, 163, 164, 188, 189, 205 एवं 207 सहित अन्य मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत संचालित निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन कार्यों में पूरी तत्परता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
विजय कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए मतदाताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना और निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।




