झारखंड

दीपावली को लेकर पाकुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, चार खाद्य नमूने संग्रहित।

सोनाजोड़ी बाजार से पाकुड़ मुख्य बाजार तक मिठाई, दूध-पनीर एवं किराना दुकानों की हुई जांच, मिलावट और अखाद्य रंगों के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

पाकुड़। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार 4 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोनाजोड़ी बाजार से पाकुड़ मुख्य बाजार तक विभिन्न दुकानों एवं खाद्य पदार्थों की जांच की।

अभियान के दौरान किराना दुकानों, मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा मोटरसाइकिल से दूध एवं पनीर की आपूर्ति करने वाले विक्रेताओं को रोककर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की जांच की गई। त्योहार के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने किराना दुकान से बेसन तथा मिठाई दुकानों से स्पंज रसगुल्ला, लड्डू एवं खोया के कुल चार नमूने संग्रहित किए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही एक्सपायर्ड एवं मिलावटी खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। विशेष रूप से मिठाई विक्रेताओं एवं हलवाइयों को लड्डू, जलेबी, रसगुल्ला सहित अन्य मिठाइयों के निर्माण में अखाद्य अथवा गैर-अनुमन्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया। मिठाइयों में केवल निर्धारित सीमा के भीतर अनुमन्य खाद्य रंगों का ही प्रयोग करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य कारोबारियों को वैध FSSAI लाइसेंस एवं पंजीकरण के साथ व्यवसाय संचालित करने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गैर-अनुमन्य रंगों का प्रयोग पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने कहा कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में जांच एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!