Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय, किताझोर का निरीक्षण।

शिक्षा, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश, विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर जाना हाल।

पाकुड़। जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कल्याण विभाग अंतर्गत एनजीओ बटेश्वर सेवा संस्थान द्वारा संचालित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय, किताझोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, कार्यालय व्यवस्था, छात्रावास एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि विद्यालय में इनवर्टर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित प्रबंधन को अगले ही दिन तक इनवर्टर स्थापित करने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, भोजन तथा दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने उन्हें बताया कि दिन में क्या भोजन दिया गया तथा कक्षाओं में क्या पढ़ाया गया।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने एवं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और शिक्षा ही बेहतर भविष्य का आधार है।

उपायुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता, पठन-पाठन की स्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों का गंभीरता से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय का संचालन निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने एवं भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय भवन, क्लास रूम, बाउंड्री वॉल एवं अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिक्षा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक जरूरतों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!