दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर राजमहल पुलिस अलर्ट, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई क्राइम मीटिंग।
अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई विस्तृत समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। आगामी दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजमहल अनुमंडल पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने की।
बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर अनुमंडल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, वर्तमान विधि-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस प्रशासन की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस दौरान एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने निर्देश दिया कि दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती सुनिश्चित करें। पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं छठ घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाए। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, सामाजिक तनाव अथवा असामाजिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की से संबंधित कार्रवाई तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पूजा समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। विशेष रूप से छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं पुलिस गश्ती की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

एसडीपीओ ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
क्राइम मीटिंग के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, तालझारी थाना प्रभारी नीतेश कुमार पांडेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव कुमार भगत एवं राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।




