झारखंड

उपायुक्त ने जन समाधान दिवस में सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश।

प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश, लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई।

पाकुड़। समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने आमजनों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन समाधान दिवस में नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन सौंपे। इनमें बैडमिंटन खिलाड़ी के लिए कोच की नियुक्ति, मुआवजा राशि का भुगतान रोके जाने, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा सहायता, विद्यालय भवन एवं नाली निर्माण में अनियमितता तथा जमीन की मुआवजा राशि के भुगतान पर रोक लगाने जैसे मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।

उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच कर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजनों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलती है।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निष्पादन करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का न्यायसंगत एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!