ज्ञान से सशक्त लोकतंत्र, जागरूक मतदाता से मजबूत राष्ट्र: डीपीएस पाकुड़ की अभिनव पहल।
निर्वाचन साक्षरता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हुई विशेष संगोष्ठी, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा।

पाकुड़। लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों पर निर्भर करती है और प्रत्येक मत देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल डीपीएस पाकुड़ की ओर से विद्यार्थियों में निर्वाचन साक्षरता, मताधिकार के महत्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सराहनीय पहल की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पाकुड़ की पहल के अनुरूप विद्यालय के सभी हितधारकों को ECINET ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता तथा मतदान के अधिकार एवं महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 को विद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से ‘KNOW YOUR ELECTIONS’ (अपने चुनाव को जानें) विषय पर बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने निर्वाचन प्रणाली, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से अपनी समझ एवं जागरूकता का परिचय दिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को निर्वाचन प्रक्रिया से परिचित कराते हुए उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध नागरिक बनाना है। विद्यालय की यह पहल न केवल विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि लोकतंत्र में सक्रिय नागरिक सहभागिता का संदेश भी देती है।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभानी चाहिए।




