दीपावली और छठ से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नौ दुकानों में हुई सघन जांच।
मक्खी-चींटियां लगे 250 रसगुल्ले सहित करीब चार किलोग्राम खराब मिठाइयां मौके पर कराई गईं नष्ट, चार खाद्य कारोबारियों को कारण बताओ नोटिस जारी।

साहिबगंज। आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे के निर्देशानुसार मंगलवार को साहिबगंज मुख्य बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नौ मिठाई दुकानों, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंदगी एवं खाद्य पदार्थों के रखरखाव में अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई करते हुए मक्खी एवं चींटियां लगे लगभग 250 रसगुल्ले सहित करीब चार किलोग्राम खराब एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले चार खाद्य कारोबारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा एवं नौरंगदेव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रजवासी मिष्ठान भंडार के रसोईघर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। वहां रखे करीब 250 रसगुल्लों पर मक्खियां एवं चींटियां लगी हुई थीं। टीम ने तत्काल सभी रसगुल्लों को नष्ट करा दिया। वहीं, बम-बम मिष्ठान दुकान में उपभोग अवधि समाप्त हो चुके लगभग एक किलोग्राम पेड़े मिले, जिन्हें नष्ट कराया गया। शिवभोग मिष्ठान में भी करीब तीन किलोग्राम खराब रसगुल्ले पाए गए, जिन्हें बिक्री से हटाकर नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा टीम ने न्यू रामाधार मिष्ठान भंडार, गुप्ता स्वीट्स एवं मां तारा मिष्ठान सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था तथा रसोईघर की साफ-सफाई की जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया।
त्योहारों में पनीर की बढ़ती मांग को देखते हुए मिठाई दुकानों एवं होटलों में उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता की भी जांच की गई। विभाग की टीम ने मिलावटी एवं एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी। इसके साथ ही ठेला संचालकों, गुपचुप एवं गोलगप्पा विक्रेताओं को भी खाद्य सामग्री ढककर रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने तथा आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को वैध FSSAI लाइसेंस अथवा पंजीकरण के साथ कारोबार करने और खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने को कहा। अधिकारियों ने मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल पर भी सख्त चेतावनी दी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच लगातार जारी रहेगी। आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने तथा मिलावटी, दूषित या खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




