राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर साहिबगंज में सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता अभियान शुरू।
पीएलवी ने पंचायतों एवं विद्यालयों में चलाया जागरूकता कार्यक्रम, आम लोगों को दी निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी।

साहिबगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा, नई दिल्ली के निर्देश एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में 9 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर साहिबगंज जिले में सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सुभाष के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न पंचायतों एवं विद्यालयों में पारा विधिक स्वयंसेवकों पीएलवी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी ने ग्रामीण क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर आम नागरिकों, विद्यार्थियों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका और उसकी ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, लोक अदालत, मध्यस्थता, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1995 में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 प्रभावी हुआ था। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब, कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क और प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि नालसा के निर्देशानुसार इस वर्ष एक दिवसीय आयोजन के बजाय पूरे सप्ताह विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यापक विधिक जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में शिविर, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों से भी विधिक सेवाओं और योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सचिव ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें। उल्लेखनीय है कि सप्ताहव्यापी अभियान का मुख्य आयोजन 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर होगा। अभियान का उद्देश्य जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।




