झारखंड

मंत्री इरफान अंसारी के कथित बयान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन।

साहिबगंज में स्टेशन चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, कांग्रेस नेतृत्व से बयान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग।

साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के आह्वान पर कांग्रेस नेता एवं झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित विवादित बयान के विरोध में शुक्रवार को राज्यभर के जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में साहिबगंज के स्टेशन चौक पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष गरिमा साहा ने की, जबकि युवा मोर्चा के धर्मेंद्र कुमार मंडल ने नेतृत्व किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि 40 लाख युवाओं के सड़क पर उतरने और भारत को बांग्लादेश व नेपाल जैसा बनाने संबंधी बयान गंभीर चिंता का विषय है। नेताओं ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान, कानून और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सर्वोच्च महत्व है। ऐसे में देश की स्थिरता और सामाजिक सौहार्द को लेकर इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वे अपने सहयोगी दल के मंत्री के कथित बयान से सहमत हैं? यदि नहीं, तो कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले में सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की शक्ति का उपयोग देश के विकास और सकारात्मक कार्यों में होना चाहिए, न कि ऐसे बयानों से अस्थिरता का माहौल बनाया जाना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी राष्ट्रहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखते हुए देश की एकता एवं अखंडता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रहित और देश की गरिमा सर्वोपरि है।

मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष गरिमा साहा, जिला मंत्री चांदनी देवी, जिला कार्यालय मंत्री गौतम पंडित, पूर्व नगर अध्यक्ष आनंद सिंह, पंकज चौधरी, नगर उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, शिवम शर्मा, शुभम चौरसिया, अनुज अभिषेक, विष्णु जायसवाल, अंगद यादव, सुमन गुप्ता, सिंधु पांडेय, कुमारी ममता एवं स्मिता गुप्ता सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!