झारखंड

राजमहल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के 37 मोबाइल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।

सानिया बस में सवार महिला के पास से मिले 14 मोबाइल, हाटपाड़ा स्थित किराये के मकान से 23 मोबाइल बरामद।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से राजमहल आ रही सानिया बस में एक महिला चोरी के मोबाइल फोन लेकर सफर कर रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेल मोड़ पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान सानिया बस के पहुंचने पर उसे रोककर महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा यात्रियों की जांच की गई। जांच के क्रम में एक महिला के पास मौजूद खाकी रंग के थैले से अलग-अलग कंपनियों के 14 मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल से संबंधित वैध कागजात मांगने पर महिला कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पूछताछ में महिला ने बताया कि चोरी के मोबाइल उसे सुनील कुमार, निवासी बोआरीजोर, जिला गोड्डा तथा वीरू महतो, निवासी बाबूपुर, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज द्वारा दिए जाते थे। इसके बाद वह पूर्व निर्धारित स्थान पर मोबाइल बेचने के लिए पहुंचाती थी। महिला ने यह भी बताया कि उसे कहा जाता था कि पुलिस महिलाओं की जांच नहीं करती है।

इसके बाद महिला के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने हाटपाड़ा स्थित उसके किराये के मकान में छापेमारी की, जहां से विभिन्न कंपनियों के 23 अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए। छापेमारी के दौरान महिला के सहयोगी वीरू महतो 32 वर्ष, पिता स्वर्गीय मदन महतो, निवासी बाबूपुर, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज को भी गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार महिला की पहचान रेनु देवी 39 वर्ष , पति स्वर्गीय संदीप कुमार साहा, निवासी बभनगामा, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल फोन में आईफोन के 2, रियलमी के 7, मोटोरोला के 3, ओप्पो के 4, वीवो के 8, नारजो के 2, सैमसंग के 8, नथिंग का 1 तथा रेडमी के 2 मोबाइल शामिल हैं। कुल 37

इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 410/2026, दिनांक 13.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की अनुसंधान की जा रही है।गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

छापेमारी दल में शामिल राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग  राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, महादेव उरांव, पवन यादव, अरुणा टोप्पो, सनातन हेम्ब्रम सहित सशस्त्र बल के जवान एवं हवलदार महेंद्र यादव, राजेंद्र शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!