झामुमो की जिलास्तरीय बैठक में SIR को लेकर बड़ा निर्णय, बूथ स्तर तक जागरूकता अभियान तेज करने की तैयारी।

उधवा साहिबगंज। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार शनिवार को उधवा प्रखंड के रामसर साइट सह पतौड़ा झील परिसर में जिलास्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा, राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिप अध्यक्ष मोनिका किस्कू, राजमहल नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ, प्रो. नजरुल इस्लाम सहित कई गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी अतिथियों का पारंपरिक गीत, अंगवस्त्र एवं बुके देकर भव्य स्वागत किया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान नेताओं ने मंच से संबोधित करते हुए SIR (संशोधित मतदाता सूची प्रक्रिया) को लेकर विस्तृत जानकारी दी और लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही SIR से संबंधित 11 प्रकार के आवश्यक दस्तावेजों की भी जानकारी साझा की गई।
नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो रही है, जिसे झामुमो बर्दाश्त नहीं करेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और विशेष शिविर लगाकर लोगों को SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि SIR प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक पंचायत में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति की गई है। ये एजेंट अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा नाम कटने या त्रुटि होने की स्थिति में आवश्यक कागजातों की जानकारी देंगे।

सांसद विजय हांसदा ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन झामुमो इसके खिलाफ मजबूती से खड़ा रहेगा। वहीं विधायक धनंजय सोरेन एवं मो. ताजुद्दीन ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर जन-जन तक सही जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला सचिव सुरेश टुडू, संजय गोस्वामी, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बसंती हांसदा, उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, काजू मल्लिक, विश्वजीत मंडल, जिप सदस्य रानी हांसदा सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


