स्वतंत्रता दिवस पर मंडल कारा साहिबगंज में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
बंदियों को कानून के पालन, सकारात्मक जीवन और पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए किया गया प्रेरित।

साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मंडल कारा, साहिबगंज में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तृतीय शिव करण रहे। उन्होंने उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि “ऐसा कर्म कीजिए कि दोबारा इस जगह आना न पड़े।” उन्होंने बंदियों को कानून का पालन करने, सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, न्यायिक प्रक्रिया तथा सुधारात्मक उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जरूरतमंद बंदी अपने मामलों में निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्हें कानून का सम्मान करते हुए भविष्य में बेहतर और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिंधु नाथ लमाये, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार, जेल अधीक्षक परमेश्वर भगत, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अरविंद गोयल सहित उनकी टीम तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी उपलब्ध कराना तथा सुधार एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को यह संदेश दिया गया कि कानून का पालन करते हुए सकारात्मक सोच और सही दिशा में किए गए प्रयास से जीवन में सुधार संभव है।



