साहिबगंज के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी होगी सुदृढ़।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दियारा एवं पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दूरसंचार समिति (District Telecom Committee), साहिबगंज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सुविधा को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर संचार व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मोबाइल नेटवर्क से आच्छादित नहीं अथवा कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क अधिष्ठापन से संबंधित ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिन आवेदनों में आवश्यक एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों की कमी पाई गई, उन्हें ऑनलाइन माध्यम से संबंधित आवेदकों को वापस करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के बाद संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिले के दियारा एवं पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। दियारा क्षेत्र के पलाशगाछी एवं मशना ग्राम तथा पहाड़ी क्षेत्र के दुर्गा टोला, तेतरिया एवं पहाड़पुर सहित नेटवर्क सुविधा से वंचित अथवा कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर वहां मोबाइल नेटवर्क अधिष्ठापन एवं कनेक्टिविटी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बीएसएनएल को इन क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों का आवश्यक सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल नेटवर्क एवं संचार सुविधा आम लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषकर ग्रामीण, दियारा एवं पहाड़ी क्षेत्रों में बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से लोगों को संचार के साथ-साथ ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं दूरसंचार कंपनियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी-सह-प्रभारी जिला सामान्य शाखा प्रमोद आनंद, नगर प्रशासक साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, नगर प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन, नगर प्रशासक बरहरवा दीपक कुमार, डीपीएम यूआईडीएआई संदीप कुमार सहित बीएसएनएल, जियो एवं एयरटेल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




