पूर्व रेलवे महाप्रबंधक से मिले ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सौंपा बहु-स्तरीय मांगपत्र।
रामपुरहाट–साहिबगंज नई मेमू ट्रेन, कोलकाता–काजीरंगा एक्सप्रेस का पाकुड़ ठहराव, रोड ओवरब्रिज, हाईमास्ट लाइट, वीडियो वॉल सहित कई मांगों पर महाप्रबंधक ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

कोलकाता,पाकुड़। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय तथा एसोसिएशन के सचिव राणा शुक्ला ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर से उनके कोलकाता स्थित कार्यालय में मुलाकात कर रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक शिवराम मांझी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लगभग 40 मिनट तक विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने यात्रियों के हित में आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूर्व रेलवे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने रामपुरहाट से साहिबगंज के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने की मांग की। प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन दोपहर 1:15 बजे रामपुरहाट से रवाना होकर शाम तक साहिबगंज पहुंचे तथा अगले दिन सुबह 9:00 बजे साहिबगंज से खुलकर तीनपहाड़, बरहरवा, पाकुड़ और मुरारोई होते हुए रामपुरहाट तक संचालित की जाए।
महाप्रबंधक ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक रौशन कुमार को समय-सारणी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक की उपलब्धता और परिचालन व्यवस्था का परीक्षण कर जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में कोलकाता–काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस का पाकुड़ स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को समय-सारणी एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 पाकुड़ वेस्ट केबिन तथा एलसी गेट आईसी एवं टुसी मालपहाड़ी अंतरराज्यीय सड़क पर रोड ओवरब्रिज निर्माण की मांग दोहराई।
महाप्रबंधक ने बताया कि एलसी गेट संख्या-39 पर जांच के बाद स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। हालांकि मुरारोई–बरहरवा रेलखंड पर दो अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने की प्रस्तावित योजना के कारण निर्माण कार्य में कुछ विलंब हो रहा है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं मालपहाड़ी सड़क स्थित एलसी गेट की दोबारा जांच कराने का भी आदेश दिया गया है।
बैठक में पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऑटो स्टैंड में हाईमास्ट लाइट और वीडियो वॉल लगाने की मांग भी रखी गई, जिसे महाप्रबंधक ने स्वीकृति प्रदान कर दी।
प्रसिद्ध पत्थर व्यवसायी लुतफल हक द्वारा पाकुड़–रामगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु चार अनुदानित रेफ्रिजरेटर (फ्रिज) रेलवे को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, जिस पर रेलवे प्रशासन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने कहा कि पाकुड़ और आसपास के रेल यात्रियों की सुविधाओं के प्रति पूर्व रेलवे पूरी तरह संवेदनशील है। जिन मांगों का समाधान उनके अधिकार क्षेत्र में संभव है, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी, जबकि शेष मामलों को रेलवे बोर्ड के समक्ष आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधाओं में लगातार सुधार पूर्व रेलवे की प्राथमिकता है।




