अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता में बालिकाओं ने दिखाई दमदार प्रतिभा।
203 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, सार्जेंट मेजर रोहित कुमार दुबे एवं राजेश यादव ने किया उद्घाटन, विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित।

साहिबगंज। खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं साई के संयुक्त तत्वावधान तथा झारखंड साइक्लिंग एसोसिएशन, रांची के मार्गदर्शन में साहिबगंज जिला साइक्लिंग संघ द्वारा गुरुवार को अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, आत्मविश्वास का विकास करना तथा महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता का आयोजन सिदो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज से समाहरणालय परिसर मार्ग तक किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों से आई 203 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन तीन अलग-अलग आयु वर्गों में किया गया, बालिका अंडर-14 वर्ष, बालिका अंडर-18 वर्ष, सीनियर महिला ओपन वर्ग, इन सभी वर्गों में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सार्जेंट मेजर रोहित कुमार दुबे एवं झारखंड साइक्लिंग संघ के संयुक्त सचिव राजेश यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने बालिकाओं से खेलों में निरंतर आगे बढ़ने और राज्य तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

प्रतियोगिता के परिणाम
सीनियर महिला ओपन वर्ग,प्रथम क्रांति कुमारी, द्वितीय निधि हांसदा, तृतीय हीरा हेंब्रम
बालिका अंडर-18 वर्ष, प्रथम सोनम कुमारी, द्वितीय राधिका कुमारी, तृतीय श्रुति कुमारी
बालिका अंडर-14 वर्ष, प्रथम लक्ष्मी कुमारी, द्वितीय अंजली कुमारी, तृतीय प्रतिज्ञा कुमारी
कार्यक्रम में झारखंड साइक्लिंग संघ के सचिव निमाई चौधरी, कोषाध्यक्ष श्रवण मंडल, अमन कुमार, मिथुन कुमार, अल्का कुमारी, भुवन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के सचिव माधव चंद्र घोष, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, खेल शिक्षक बिरेंद्र कुमार साह, सोनेलाल मंडल, अनिल कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया सिटी लीग का उद्देश्य बालिकाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में बालिकाओं के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि यदि उन्हें उचित अवसर और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। यह आयोजन जिले में महिला खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




