Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल के जे.के. उच्च विद्यालय में ‘अमृत जलधारा’ एवं आरओ वाटर प्यूरिफायर का हुआ लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगी शुद्ध पेयजल की सुविधा।

मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा एवं विधायक प्रतिनिधि के सहयोग से हुई पहल, समाजसेवा और जनहित का दिया गया संदेश।

राजमहल साहिबगंज। विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय एवं जनहितकारी पहल के तहत राजमहल स्थित जे.के. उच्च विद्यालय परिसर में ‘अमृत जलधारा’ एवं आधुनिक आरओ वाटर प्यूरिफायर का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह महत्वपूर्ण कार्य मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा के सौजन्य तथा विधायक प्रतिनिधि सह नगर उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि सह नगर उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू द्वारा फीता काटकर एवं उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरित करते हैं तथा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में बताया गया कि अमृत जलधारा की स्थापना में मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा के सचिव सुमित अग्रवाल की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। उनके प्रयासों से विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को अब पूरे वर्ष स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस अवसर पर मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से ऐसे जनहितकारी कार्य लगातार किए जाते रहेंगे, ताकि शिक्षा संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि विद्यालय में अमृत जलधारा स्थापित करने का प्रस्ताव वार्ड संख्या-3 के वार्ड पार्षद सन्नी साहा द्वारा रखा गया था, जिसे सभी के सहयोग से साकार रूप दिया गया। इस पहल की स्थानीय लोगों एवं विद्यालय परिवार ने सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिजीत कुमार ने मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा, विधायक प्रतिनिधि तथा सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि अब बच्चों को परिसर में ही स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

कार्यक्रम में संजय भुवानियां, मुकेश दास, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, मारवाड़ी युवा राजमहल शाखा के सदस्य, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!