सकरीगली में मजदूरी विवाद गहराया: लोडिंग मजदूरों ने बढ़ी दर की मांग को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी।
24 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो 6 अप्रैल को जिला समाहरणालय के समक्ष होगा धरना प्रदर्शन।

साहिबगंज सकरीगली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित लोडिंग प्लॉट के समीप आज झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास की अध्यक्षता में रेलवे रैक लोडिंग मजदूरों और प्रतिष्ठान के बीच मजदूरी दर को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी तथा पूर्व जिला अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मजदूरों ने एक स्वर में अपनी समस्याओं को रखते हुए बताया कि वर्तमान में उन्हें 4100 रुपये मजदूरी मिलती है, जो कार्य परिस्थितियों के अनुरूप बेहद कम है।
मजदूरों ने बताया कि कार्यस्थल पर लगभग 5 फीट गड्ढा कर दिए जाने के कारण अब पहले की तुलना में अधिक श्रमिकों की आवश्यकता पड़ रही है। जहां पहले एक बॉक्स को लोड करने में 5 मजदूर लगते थे, वहीं अब 8 मजदूरों की जरूरत पड़ रही है। ऐसी स्थिति में मजदूरों ने प्रति मजदूरी दर 8000 रुपये करने की मांग रखी।
इसके साथ ही मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रतिष्ठान द्वारा मार्च माह से मनमाने ढंग से जेसीबी मशीन के माध्यम से लोडिंग कार्य कराया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है और मजदूरों के अधिकारों का हनन करता है।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि प्रतिष्ठान इस प्रकार मनमानी नहीं कर सकता। श्रमिकों की सुविधा और अधिकारों का ध्यान रखते हुए श्रम कानूनों का पालन अनिवार्य है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी 6 अप्रैल 2026 को जिला समाहरणालय कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उपायुक्त से मिलकर न्याय की मांग की जाएगी।
इस बैठक में रणधीर चौरसिया, बबलू रजक, विजय यादव, राकेश, मुन्ना यादव, शिव जतन मंडल, छोटेलाल मालदार, रंजीत चौधरी, गुल शेख अंसारी, चुन्नू रविदास, तुलो मंडल, भोला यादव, हीरालाल मालदार, रतन सिंह, विशाल मंडल, दिलीप मंडल, ब्रह्मदेव चौधरी, छोटू मंडल, पवन मंडल, संजीव कुमार, मुन्नीलाल मुंडा सहित कई मजदूर उपस्थित रहे।




