हूल दिवस पर भाजपा ने भोगनाडीह में अमर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
सिदो-कान्हू के वंशजों का किया सम्मान, पंचकठिया क्रांति स्थल पर पूजा-अर्चना कर शहीदों को किया नमन।

बरहेट साहिबगंज। ऐतिहासिक हूल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), साहिबगंज द्वारा जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में भोगनाडीह स्थित सिद्धो-कान्हू पार्क में संथाल हूल के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर वीर सिदो, कान्हू, चाँद, भैरव तथा वीरांगनाओं फूलो और झानो के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने भोगनाडीह में सिदो-कान्हू के वंशज परिवार से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इसके बाद ऐतिहासिक पंचकठिया क्रांति स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की गई तथा अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस अवसर पर भाजपा झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय तथा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में नेताओं ने कहा कि संथाल हूल केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि अन्याय, शोषण और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता का पहला व्यापक जनआंदोलन था। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा प्रदान की और आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
बोरियो विधानसभा के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि संथाल हूल जल, जंगल, जमीन, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ी गई ऐतिहासिक क्रांति थी। सिदो, कान्हू, चाँद, भैरव, फूलो और झानो ने अपने अदम्य साहस और बलिदान से अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इन महान क्रांतिकारियों के आदर्शों और संघर्ष की गाथा से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी ने कहा कि संथाल हूल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि सिदो, कान्हू, चाँद, भैरव, फूलो और झानो का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हूल दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।
जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि 30 जून 1855 को साहिबगंज जिले के भोगनाडीह से प्रारंभ हुए संथाल हूल ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों का त्याग सदैव राष्ट्रभक्ति, साहस और सामाजिक न्याय के लिए प्रेरित करता रहेगा तथा भारतीय जनता पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू एवं रबिन्द्र टुडू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला महामंत्री शलखु सोरेन, गमालियाल हेम्ब्रम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, कमल कृष्ण भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, उज्ज्वल मंडल, बरहेट मंडल अध्यक्ष मनीष भारती, सनी मरांडी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।



