Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

हूल दिवस पर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन।

पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हूल विद्रोह के वीर सेनानियों को किया नमन।

पाकुड़। ऐतिहासिक हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को पाकुड़ स्थित सिद्धो-कान्हू पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, परियोजना निदेशक (आईटीडीए) अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही सिद्धो-कान्हू, चाँद-भैरव तथा हूल विद्रोह के सभी अमर सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि 30 जून 1855 को सिद्धो-कान्हू ने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों, शोषण और गुलामी के विरुद्ध जनक्रांति का बिगुल फूंका था। उन्होंने कहा कि हूल विद्रोह केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता का ऐतिहासिक उद्घोष था।

उन्होंने कहा कि सिद्धो-कान्हू के आह्वान पर हजारों संथाल आदिवासियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इस ऐतिहासिक जनविद्रोह ने अंग्रेजी शासन की नींव को हिला दिया और देश की स्वतंत्रता की लड़ाई को नई दिशा प्रदान की।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि हूल दिवस प्रत्येक नागरिक को वीर सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि “वीर शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।” उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वे सिद्धो-कान्हू सहित सभी अमर शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाकर उनके सपनों के भारत के निर्माण में योगदान दें।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने हूल विद्रोह के महानायक सिद्धो-कान्हू, चाँद-भैरव तथा सभी अमर शहीदों के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा तथा उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!