विद्युत योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें उपायुक्त दीपक कुमार दूबे।
MUJY, RDSS एवं PVTG विद्युतीकरण योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी।

साहिबगंज। जिले में संचालित विद्युत विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्युत योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास कार्यों तथा लंबित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY), पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) तथा पीवीटीजी (PVTG) विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति का गहन आकलन किया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों से योजनावार जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्बाध विद्युत सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में सभी योजनाओं के कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि आम जनता को शीघ्र विद्युत सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण, नए विद्युत नेटवर्क के विस्तार, ट्रांसफॉर्मर एवं लाइन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान RDSS योजना के अंतर्गत कार्यरत संवेदक एजेंसी की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां समन्वय स्थापित कर योजनाओं को समय पर पूरा करें, ताकि जिले के लोगों को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में कार्यपालक अभियंता शंभुनाथ चौधरी सहित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


