राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर सेविकाओं का प्रशिक्षण संपन्न।
28 जून से शुरू होने वाले अभियान के प्रभावी संचालन हेतु राजमहल प्रखंड सभागार में आयोजित हुआ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम।

राजमहल साहिबगंज ।आगामी 28 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राजमहल प्रखंड सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में राजमहल प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर, लखीपुर, राजमहल नगर एवं खुटहरी सेक्टर की सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सेविकाओं को पल्स पोलियो अभियान की कार्यप्रणाली, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया, घर-घर सर्वेक्षण, छूटे हुए बच्चों की पहचान तथा अभियान से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं लेखा प्रबंधक ने बतौर प्रशिक्षक उपस्थित होकर सेविकाओं को अभियान के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल है और इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रशिक्षकों ने सेविकाओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरतने एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, महिला पर्यवेक्षिका मंजू यादव सहित अन्य संबंधित कर्मी एवं सेविकाएं उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित सेविकाओं से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्र के अभिभावकों को पोलियो की खुराक के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयास से राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकेगा।



