Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज के दो होनहार पहलवानों का रांची सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयन।

सोनू कुमार एवं अंकुश कुमार को मिली बड़ी उपलब्धि, जिला खेल पदाधिकारी ने रेलवे स्टेशन पर शुभकामनाओं के साथ किया रवाना।

साहिबगंज जिले के लिए गर्व की बात है कि खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर, साहिबगंज के दो प्रतिभाशाली राष्ट्रीय खिलाड़ी सोनू कुमार एवं अंकुश कुमार का चयन झारखंड खेल प्राधिकरण, रांची द्वारा संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कुश्ती बालक वर्ग के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेल गांव, रांची स्थित उच्च स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र में हुआ है।

रांची रवाना होने से पूर्व साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया है।

इस अवसर पर खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के कोच प्रकाश सिंह बादल, सचिव नमिता कुमारी सहित अन्य खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

झारखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कुश्ती सेंटर, रांची में खिलाड़ियों को पौष्टिक आहार, आवासीय सुविधा तथा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। यहां चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।

सोनू कुमार एवं अंकुश कुमार के चयन से साहिबगंज जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है तथा इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!