उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर का किया निरीक्षण।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मातृत्व सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी, हिरणपुर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने दवा वितरण कक्ष, रजिस्ट्रेशन कक्ष, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), माइनर ऑपरेशन थिएटर (ओटी), डॉक्टर कक्ष, प्रसव कक्ष, एक्स-रे कक्ष तथा जांच घर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध संसाधनों एवं उपचार संबंधी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन लगभग 100 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस पर उपायुक्त ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कम संख्या में मरीजों के लाभान्वित होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में आयुष्मान योजना का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, जिसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र मरीजों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत 2 जीएनएम एवं 16 एएनएम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता एवं कार्य क्षमता का परीक्षण कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रसव सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने अस्पताल परिसर से सटे भवन में आधुनिक मैटरनिटी यूनिट विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीएचसी के लिए नव-निर्मित भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी इकाइयों एवं विभागों को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बेहतर, व्यवस्थित एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



