उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिरणपुर का किया निरीक्षण।
स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश, छात्राओं को बेहतर शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिरणपुर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय में चल रही हिंदी एवं भूगोल की कक्षाओं का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, विषयों एवं शिक्षण व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से कक्षाओं के संचालन समय एवं विषयवार पढ़ाई की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान विद्यालय में टाइम टेबल प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और सभी कक्षाओं के लिए व्यवस्थित टाइम टेबल तैयार कर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों व्यवस्थाएं खराब पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण कराने का निर्देश दिया ताकि छात्राओं को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी की समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, नियमित पढ़ाई एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

उपायुक्त ने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से भोजन, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत की।इसके अलावा उन्होंने छात्राओं से यह भी पूछा कि वे कौन-कौन से खेल खेलती हैं तथा विद्यालय में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि एवं उसके उपयोग की जानकारी भी ली।उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर एक विशेष टीम गठित की जा रही है, जो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की उपलब्ध भूमि का चिन्हांकन करेगी। चिन्हित भूमि के आधार पर विद्यालय परिसर में प्लेग्राउंड, अतिरिक्त क्लासरूम एवं मल्टीपर्पस हॉल निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।


