राजमहल में उपायुक्त का व्यापक निरीक्षण: स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश।
अस्पताल में MGPS व डिजिटल एक्स-रे की आवश्यकता पर जोर, कस्तूरबा विद्यालय में अव्यवस्थाओं पर नाराज़गी, विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा।

राजमहल, साहिबगंज।जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने राजमहल प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का व्यापक निरीक्षण करते हुए जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आजीविका से जुड़ी सेवाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम अनुमंडल अस्पताल, राजमहल का दौरा किया। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी (MOIC) से अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों एवं पारा-चिकित्सा कर्मियों की स्थिति की जानकारी ली।

MOIC ने अस्पताल में मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम (MGPS) को सभी वार्डों तक विस्तारित करने एवं डिजिटल एक्स-रे मशीन की आवश्यकता बताई। इस पर उपायुक्त ने तत्काल प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था, वार्डों की स्थिति, पैथोलॉजी लैब, अल्ट्रासाउंड, ओपीडी, दंत विभाग एवं इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण कर सभी सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का भी जायजा लिया।

उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजमहल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की एवं मेन्यू की जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षकों एवं छात्राओं की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण में विद्यालय के सोलर पैनल, कंप्यूटर एवं टीवी खराब पाए गए, साथ ही डाइनिंग टेबल की कमी भी सामने आई।इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।छात्राओं ने कक्षा 9 से 12 तक कृषि विषय की पुस्तकों की कमी की जानकारी दी, जिस पर उपायुक्त ने BEEO को तत्काल पुस्तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।विद्यालय परिसर में जल निकासी की समस्या को देखते हुए सोक पिट निर्माण के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने राजमहल में निर्माणाधीन आवासीय कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण कर कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।इसके अलावा सूर्य देव घाट एवं रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में आर्ट एंड क्राफ्ट मार्केटप्लेस के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
DMFT मद से बन रहे अतिरिक्त छह वर्ग कक्षों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए बताया गया कि कार्य 80% पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ग्रीष्मावकाश समाप्ति से पूर्व उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कर विद्यालय को हस्तांतरित किया जाए।पुराने जर्जर भवन को अब तक नहीं हटाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

JSLPS के तहत NRLM परियोजना अंतर्गत मल्लाही टोला स्थित हार्डनिंग सेंटर एवं बर्ड लेयर यूनिट का निरीक्षण किया गया।शिव शक्ति आजीविका सखी मंडल द्वारा संचालित इन इकाइयों में अंडा उत्पादन एवं महिला आय वृद्धि के प्रयासों की उपायुक्त ने सराहना की और आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका के अवसर मिल सकें।


