मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार: उत्कृष्ट ग्राम सभा सत्यापन हेतु राज्य स्तरीय दल का शहरग्राम पंचायत दौरा।
डेमो ग्राम सभा में दिखी विकास की झलक, जन-भागीदारी और पारदर्शिता का सशक्त उदाहरण।

शहरग्राम पाकुड़। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत ‘उत्कृष्ट ग्राम सभा’ श्रेणी में चयनित पंचायतों के भौतिक सत्यापन के क्रम में राज्य स्तरीय दल द्वारा ग्राम पंचायत शहरग्राम का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पंचायत सचिवालय परिसर में एक भव्य एवं अनुशासित डेमो ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसने विकास, पारदर्शिता और जनसहभागिता की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत की।
डेमो ग्राम सभा में राज्य स्तरीय टीम के समक्ष यह दर्शाया गया कि किस प्रकार ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं का चयन, बजट का निर्धारण एवं सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) किया जाता है। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिए जाने की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय उपस्थिति, युवाओं द्वारा दिए गए रचनात्मक सुझाव तथा बुजुर्गों की समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रक्रिया विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ग्राम सभा में सभी वर्गों की सहभागिता ने इसे जीवंत और प्रभावशाली बना दिया।
राज्य स्तरीय दल ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे पारदर्शी एवं सहभागी शासन प्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलती है और आम जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।

शहरग्राम पंचायत में आयोजित यह डेमो ग्राम सभा न केवल पुरस्कार हेतु एक मजबूत दावेदारी प्रस्तुत करती है, बल्कि अन्य पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई है।




