पाकुड़ में आत्मा के तहत 15 रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति, चयन प्रक्रिया को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित।
प्रखंड तकनीकी प्रबंधक के 06 एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक के 09 पदों पर होगी बहाली, 23 दिसंबर 2026 को जारी होगा विस्तृत विज्ञापन।

पाकुड़। आत्मा, पाकुड़ के अंतर्गत प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने की। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक के 06 एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक के 09 रिक्त पदों सहित कुल 15 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन के प्रारूप को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि इन पदों पर भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन 23 दिसंबर 2026 को एनआईसी पाकुड़ की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने जनवरी 2027 तक चयन प्रक्रिया पूरी करने का भी निर्देश दिया। बैठक में नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा चयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इस भर्ती के माध्यम से आत्मा, पाकुड़ के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर तकनीकी कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



