स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, मासिक समीक्षा बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की हुई समीक्षा।
गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, संस्थागत प्रसव और बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर विशेष बल, स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. उदय टुडू ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन की समीक्षा की गई।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, प्रसव पूर्व नियमित जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा नवजात शिशुओं की उचित देखभाल पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष डॉ. उदय टुडू ने कहा कि आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना और स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों के साथ कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सीएचओ विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के पर्यवेक्षक, एएनएम, एमपीडब्ल्यू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने की अपील की गई।



