झारखंड

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न।

4 एवं 18 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर होंगी पांचवीं और छठी बैठक, मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहभागिता की अपील।

साहिबगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल क्रियान्वयन तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, सचिवों एवं बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आगामी 4 एवं 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली क्रमशः पांचवीं एवं छठी बैठक की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों की उपस्थिति में पांचवीं बैठक होगी। इस दौरान नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित कर उपस्थित सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। साथ ही संबंधित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

इसी प्रकार, 18 नवंबर को प्रपत्र-3 का प्रकाशन करते हुए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर छठी बैठक आयोजित की जाएगी। निर्धारित तिथि तक सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जाएगी। इस प्रक्रिया में बीएलओ, बीएलए-2, चुनाव पाठशाला के सदस्य एवं उपस्थित आम नागरिक शामिल होंगे।

बैठक में बताया गया कि 4 नवंबर को प्रपत्र-2 तथा 18 नवंबर को प्रपत्र-3 सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किए जाएंगे। बीएलए-2 को दोनों प्रपत्रों की एक-एक प्रति उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे सूचियों का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां दे सकें। इसके लिए प्रतियां उपलब्ध कराने से संबंधित अभिलेख भी संधारित किए जाएंगे।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आगामी बैठकों में बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराएं। साथ ही वैसे पात्र भारतीय नागरिक, जिन्होंने अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 नहीं भरा है, उन्हें जागरूक कर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं समावेशी बनाना है। इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता बेहद आवश्यक है।

बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!