फसल बीमा के अस्वीकृत आवेदनों की होगी यादृच्छिक जांच, एक सप्ताह में 10 प्रतिशत आवेदनों का सत्यापन करने का निर्देश।
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित, जांच रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश।

साहिबगंज। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के सफल क्रियान्वयन एवं प्राप्त आवेदनों के सत्यापन को लेकर समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फसल बीमा योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, बीमित क्षेत्रफल में त्रुटियों तथा अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि खरीफ-2026 के लिए धान एवं मक्का की फसलों को योजना के तहत अधिसूचित किया गया है। प्राप्त आवेदनों में बीमित क्षेत्रफल की गलत प्रविष्टियों, भूमि अभिलेखों में त्रुटियों एवं अन्य विसंगतियों का सत्यापन जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति के माध्यम से किया जाना है। इस दौरान बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि ने जिले में प्राप्त फसल बीमा आवेदनों एवं बीमित क्षेत्रफल से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही आवेदनों के अस्वीकृत होने के कारणों से भी समिति को अवगत कराया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बुआई क्षेत्र अनुपलब्ध होने के कारण अस्वीकृत किए गए 1,864 आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इन आवेदनों का कुल बीमित क्षेत्रफल 1,518.09 हेक्टेयर है। उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी एवं बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि अस्वीकृत आवेदनों में से 10 प्रतिशत आवेदनों की एक सप्ताह के भीतर यादृच्छिक जांच सुनिश्चित करें। जांच के दौरान संबंधित किसानों के आवेदनों एवं फसल की वास्तविक बुआई से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जाए, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन आगामी जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में प्रस्तुत किया जाए। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आवेदनों की पुनः समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवेदनों में पाई गई विसंगतियों का नियमानुसार निराकरण करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



