24 जून को पाकुड़ में लगेगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा रोजगार पाने का सुनहरा अवसर।
प्रतिष्ठित निजी कंपनियां करेंगी चयन, योग्य अभ्यर्थियों को मिलेगा नौकरी का मौका।

पाकुड़। जिले के शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उन्हें बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, पाकुड़ द्वारा 24 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला बाजार समिति मैदान, गोकुलपुर, पाकुड़ में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित होगा।
जिला नियोजनालय की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी। मेले के दौरान योग्य अभ्यर्थियों के चयन हेतु साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य चयन प्रक्रियाएं संचालित की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि रोजगार मेला युवाओं और निजी क्षेत्र की कंपनियों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगा। इससे जिले के बेरोजगार युवाओं को सीधे रोजगारदाताओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने जिले के अधिक से अधिक योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज अवश्य लाने होंगे, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, अद्यतन बायोडाटा (Resume), आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र
जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेले के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा तथा जिले में कौशल विकास एवं रोजगार संवर्धन को नई दिशा और गति मिलेगी।


