झारखंड

JSLPS की योजनाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का दिया निर्देश।

छूटे हुए परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, डिजिटल आजीविका रजिस्टर अद्यतन करने और लंबित बीमा दावों का शीघ्र निपटारा करने पर दिया जोर।

साहिबगंज। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने प्रखंडवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के गठन में तेजी लाने तथा अब तक समूहों से नहीं जुड़ पाए चिन्हित परिवारों को अनिवार्य रूप से समूहों से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों (BPM) को आगामी समीक्षा बैठक तक इस दिशा में ठोस एवं संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

डिजिटल आजीविका रजिस्टर (DAR) के अद्यतीकरण की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अगले एक सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय प्रगति लाने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी उत्पादक समूहों (Producer Groups) से संबंधित आंकड़ों की पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा।

ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाने वाले बकरी कृमिनाशक (डीवर्मिंग) शिविरों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी पात्र पशुपालकों तक इसका लाभ पहुंचाने तथा शिविरों को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर विशेष जोर दिया।

वहीं, वित्तीय समावेशन की समीक्षा के क्रम में आजीविका सूक्ष्म ऋण योजना (LMCP) से संबंधित सभी प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, बीमा योजनाओं के तहत लंबित मृत्यु दावा निपटान (Death Claim Settlement) के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा, ताकि मृतक के आश्रित परिवारों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक के अंत में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में DPM JSLPS मार्टिन तारीक, विभिन्न प्रखंडों के BPM सहित JSLPS के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!