बरहरवा में स्मैक की 18 पुड़िया के साथ युवक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।
झिकटिया चौक पर स्थानीय लोगों ने पकड़ा था युवक, पुलिस ने तलाशी में 9.6 ग्राम स्मैक किया बरामद; पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला।

बरहरवा साहिबगंज। जिले में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बरहरवा थाना क्षेत्र के झिकटिया चौक पर स्मैक बेचने के कथित आरोप में स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक की 18 पुड़िया बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 9.6 ग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवा कुमार 22 वर्ष, पिता स्वर्गीय अशोक महतो, निवासी झिकटिया काली मंदिर के पास, थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को झिकिटिया चौक पर एक युवक द्वारा स्मैक बेचने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार यादव को मामले का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाशी ली, जिसमें स्मैक की 18 पुड़िया बरामद हुईं।

इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 258/2026, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b)/21(b) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के विरुद्ध पूर्व में भी बरहरवा थाना कांड संख्या 115/2023, दिनांक 19 जुलाई 2023 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 380, 411 एवं 457 में मामला दर्ज होने का उल्लेख है।
पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत का पता लगाने और मादक पदार्थों के कथित कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस कार्रवाई में बरहरवा पुलिस निरीक्षक प्रभाग संतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार यादव, सुदामा सिंह, सशस्त्र बल के जवान तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।




