SIR-2026 को लेकर अमड़ापाड़ा में समीक्षात्मक बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने का निर्देश।
होम-टू-रोल वेरिफिकेशन की प्रगति की हुई समीक्षा, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर दिया गया विशेष जोर; उप निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र संख्या 204 का किया निरीक्षण।

पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अमड़ापाड़ा प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 को लेकर उप निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में पेशकार टीम के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एईआरओ-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में होम-टू-रोल वेरिफिकेशन, मतदाताओं के विवरणों का सत्यापन तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए युवाओं को प्रपत्र-6 भरने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। बीएलओ सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बैठक के बाद उप निर्वाचन पदाधिकारी ने अमड़ापाड़ा स्थित कन्या मध्य विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 204 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होम-टू-रोल वेरिफिकेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित बीएलओ से मतदाताओं के सत्यापन और कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।




