झारखंड

एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

सिंगल विंडो प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल करने पर दिया गया जोर, एमएसएमई समाधान, एमएसईएफसी एवं टीआरईडीएस पोर्टल की दी गई विस्तृत जानकारी।

पाकुड़। जिले में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने, औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों एमएसएमई को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उद्योग विभाग के तत्वावधान में जागरूकता सह पहुंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को सिंगल विंडो प्रणाली की उपयोगिता, उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर एकल खिड़की प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, उद्योग स्थापना से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल करने तथा उद्यमियों को विभिन्न विभागों की अनुमतियां एवं सेवाएं सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा उद्यमियों को एमएसएमई समाधान पोर्टल, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम सुविधा परिषद एमएसईएफसी तथा व्यापार प्राप्य छूट प्रणाली टीआरईडीएस पोर्टल की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया गया। विशेष रूप से उद्यमियों को विलंबित भुगतान की समस्या के समाधान, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने तथा संबंधित संस्थागत व्यवस्था के माध्यम से न्यायोचित समाधान प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने एवं डिजिटल पोर्टल के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही उद्यमियों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उद्यमियों से अपने व्यवसाय को औपचारिक स्वरूप देने, डिजिटल माध्यमों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने उद्यम का विस्तार करने की अपील की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देना, एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाना तथा औद्योगिक विकास के साथ स्वरोजगार के नए अवसरों का सृजन करना है।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, पाकुड़ के महाप्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद, जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय के प्रतिनिधि दिलीप कुमार गुप्ता, आरसेटी के निदेशक कुंदन कुमार, ईओडीबी प्रबंधक पूनम बर्मन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जिले के उद्यमी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!