राजस्थान इंटर विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित।
विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी, सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाकर गोल्डन आवर में घायलों की मदद के लिए किया गया जागरूक।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत राजस्थान इंटर विद्यालय, साहिबगंज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, साहिबगंज दीपक कुमार दुबे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके माध्यम से उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्हें बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करना अनिवार्य है। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर चलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवार और समाज तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए नेक नागरिक (गुड समैरिटन) की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान गोल्डन आवर के महत्व को समझाते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, राजस्थान इंटर विद्यालय के प्राचार्य ओमप्रकाश गुप्ता, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




